रायगढ़: घर में घुसकर मारपीट करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, गैरजमानतीय धाराओं में भेजे गए रिमांड पर

रायगढ़, 19 मार्च 2026। शहर के सत्तीगुड़ी चौक के पास मस्तागली में घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर गैरजमानतीय धाराओं में रिमांड पर भेज दिया है।

घटना 14 मार्च 2026 की रात करीब 11:35 बजे की है, जब प्रार्थी सुखदेव मंडल अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान 3 युवक जबरन दरवाजा खोलकर घर में घुस आए और गाली-गलौच करते हुए विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट और तोड़फोड़ शुरू कर दी तथा अपने अन्य साथियों को बुलाकर स्थिति को और गंभीर बना दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामले में 15 मार्च को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर अपराध क्रमांक 118/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी देवसिंह चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने 5 अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके आधार पर प्रकरण में बलवा की धारा भी जोड़ी गई।

पुलिस ने देवसिंह चौहान (26 वर्ष), आशीष सिंह ठाकुर (24 वर्ष), आदित्य श्रीवास (25 वर्ष), देवकुमार चौहान (20 वर्ष), जयकिशन यादव (23 वर्ष) एवं साहिल सिंह ठाकुर (21 वर्ष) सभी निवासी रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजा गया है।

यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में की गई, जिसमें एएसआई गौतम सिंह ठाकुर एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि मारपीट, तोड़फोड़ और बलवा जैसी घटनाओं में शामिल असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment