जशपुर: ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत 67 किलो गांजा जब्त, आरोपी बिहार का निवासी गिरफ्तार

जशपुर, 28 फरवरी 2026। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ‘ऑपरेशन आघात’ के अंतर्गत थाना तपकरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक कार से 67 किलो 135 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त हुंडई वरना कार (DL-8C-AX-8014) तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है, जिसमें गांजे की कीमत करीब 33 लाख 55 हजार रुपये तथा वाहन की कीमत लगभग 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

मुखबिर सूचना पर नाकाबंदी

थाना तपकरा पुलिस को 26 फरवरी को पुख्ता सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक सिल्वर रंग की कार में भारी मात्रा में गांजा बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने लावाकेरा बैरियर पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की।

संदिग्ध कार के पहुंचते ही पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में स्टेपनी रखने की जगह पर छिपाकर रखी गई प्लास्टिक की बोरी से 65 पैकेट में भरा गांजा बरामद हुआ।

आरोपी की पहचान और खुलासा

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमन कुमार हिमांशु (36 वर्ष), निवासी मंडईडीह, थाना पातेपुर, जिला वैशाली (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा लेकर बिहार जा रहा था। पुलिस के अनुसार, मामले में एक महिला की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

आरोपी के विरुद्ध थाना तपकरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जशपुर पुलिस के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कुमार कौशिक सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment