जशपुर नगर:- लापता महिला का शव 24 घंटे बाद मांड़ नदी पर बने मिनी डैम के गेट से बरामद किया गया। पत्थलगांव के बिलाईटांगर मोहल्ले में रहने वाली रजवंती साहू (65 वर्ष) पति बिंदेश्वरी साहू सोमवार की रात घर से बिना बताए बाहर निकल गई थीं। परिजन पूरी रात उनकी तलाश में जुटे रहे।
मंगलवार को सूचना मिली कि रजवंती साहू को ऑटो में बैठकर किलकिला की ओर जाते देखा गया था। इसके बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में उनकी खोज शुरू की। रात में जानकारी मिली कि मांड़ नदी के मिनी डैम के पास पानी में एक महिला का शव देखा गया है। सूचना मिलते ही परिजन पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला गया। पहचान करने पर पुष्टि हुई कि शव लापता रजवंती साहू का ही है। शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। बताया जा रहा है कि रजवंती देवी संभवतः कार्तिक स्नान के लिए किलकिला स्थित मांड़ नदी में उतरी थीं, जहां पानी अधिक गहराई होने से संतुलन बिगड़ गया और डूबने से मृत्यु हो गई होगी।




















