जशपुर, 15 जनवरी 2026 —
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के बगीचा नगर पंचायत में बस स्टैंड के समीप गौरव पथ निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
नगर पंचायत बगीचा के लिए यह एक महत्वपूर्ण विकास कार्य है, जिसके अंतर्गत तहसील चौक से हाई स्कूल चौक तक लगभग 1279.77 लाख रुपये की लागत से गौरव पथ का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना नगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो अब पूरी होने जा रही है।
कार्यक्रम में सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जुदेव, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रभात सिदाम, जिला पंचायत सदस्य श्री गेंद बिहारी सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविन्द गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके साथ ही आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह तथा प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
यह परियोजना अधोसंरचना मद के अंतर्गत संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा स्वीकृत की गई है। गौरव पथ के निर्माण से नगर की सुंदरता में वृद्धि होगी, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना है।
मुख्यमंत्री द्वारा इस बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा किए जाने पर बगीचा के नागरिकों ने आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया।




















