अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई , दो पिकअप एवं एक ट्रैक्टर से 84 क्विंटल धान जब्त , फरसाबहार , तुमला और पंडरापाठ क्षेत्र में एक साथ कार्रवाई…!

जशपुर, दिनांक 17 जनवरी 2026।
छत्तीसगढ़ में चालू धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध रूप से धान की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए जशपुर पुलिस द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना फरसाबहार, थाना तुमला एवं चौकी पंडरापाठ क्षेत्रांतर्गत अलग-अलग मामलों में अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए दो पिकअप वाहन एवं एक ट्रैक्टर से कुल 84 क्विंटल धान जब्त किया गया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 93 हजार 200 रुपये आंकी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस द्वारा जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकाबंदी, नियमित पेट्रोलिंग एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर अवैध धान परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अब तक जशपुर पुलिस 41 वाहनों से कुल 2,422 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप चुकी है।

थाना तुमला एवं फरसाबहार का मामला

दिनांक 16 एवं 17 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात लगभग 1:30 बजे थाना तुमला की रात्रि गश्त टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उड़ीसा राज्य की ओर से गांझियाडीह होते हुए बिना नंबर का एक संदिग्ध पिकअप वाहन भारी मात्रा में धान लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर हाथीबेड़ के ग्रामीण मार्ग पर नाकाबंदी की गई। पुलिस को देखकर चालक पिकअप वाहन को छोड़कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर वाहन से त्रिपाल से ढंकी लगभग 60 बोरियों में 24 क्विंटल धान बरामद हुआ, जिसे जप्त कर जिला प्रशासन को सौंपा गया।

इसी प्रकार थाना फरसाबहार क्षेत्र में सुबह करीब 7:30 बजे मुखबिर की सूचना पर धौरा सांड के जंगल में पिकअप वाहन क्रमांक OD-16-A-4175 को पकड़ा गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में लगभग 50 बोरियों में 20 क्विंटल धान मिला। पुलिस को संदेह है कि यह धान उड़ीसा से छत्तीसगढ़ में खपाने हेतु लाया जा रहा था। दोनों ही मामलों में वाहन एवं धान को जप्त कर कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया है। साथ ही वाहन मालिकों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है।

चौकी पंडरापाठ का मामला

चौकी पंडरापाठ पुलिस द्वारा रात्रि गश्त के दौरान ग्राम सुलेसा के पास सुबह 3 से 4 बजे के बीच एक संदिग्ध ट्रैक्टर को रोका गया, जिसमें भारी मात्रा में धान लदा हुआ था। पूछताछ में ट्रैक्टर चालक नारायण राम (उम्र 43 वर्ष), निवासी सुलेसा ने बताया कि वह उक्त धान सत्यपाल यादव (उम्र 33 वर्ष) से खरीदकर शनिचरा राम नागेश (उम्र 36 वर्ष) के घर ले जा रहा था। धान से संबंधित वैध दस्तावेज एवं टोकन प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर पुलिस द्वारा ट्रैक्टर क्रमांक CG-14-MS-4571 सहित लगभग 100 बोरियों में 40 क्विंटल धान जप्त कर जिला प्रशासन को सौंपा गया।

महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, थाना प्रभारी फरसाबहार उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक संतोष राम, सुरेश एक्का, ईश्वर पैंकरा, मारियानुस एक्का तथा चौकी प्रभारी पंडरापाठ उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी एवं आरक्षक बिलिचियुस एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का बयान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस अवैध धान परिवहन एवं धान बिचौलियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। फरसाबहार, तुमला एवं पंडरापाठ क्षेत्रों में की गई इस कार्रवाई में 84 क्विंटल धान जब्त किया गया है। अवैध रूप से धान खपाने वालों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

—00—

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment