आदिवासी संस्कृति और समरसता का संगम: खेड़ार में कल्याण आश्रम का वार्षिकोत्सव, शामिल हुईं श्रीमती कौशल्या साय

जशपुर बगीचा, 18 जनवरी 2026/ जशपुर जिले के खेड़ार में रविवार को कल्याण आश्रम के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम के अवसर पर ऐतिहासिक और भव्य आयोजन देखने को मिला। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन के साथ ही पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया और कार्यक्रम स्थल पर ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं कार्यकर्ताओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के अनुरूप अतिथियों के स्वागत से हुई। इस अवसर पर आदिवासी बच्चों और युवाओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक नृत्य एवं लोकगीतों ने सभी का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया, जिसे देखकर कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या साय ने अपने संबोधन में कल्याण आश्रम द्वारा किए जा रहे कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि कल्याण आश्रम वर्षों से आदिवासी समाज के सर्वांगीण उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार, सेवा और स्वावलंबन के क्षेत्र में संस्था का योगदान अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि कल्याण आश्रम समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य कर रहा है, जो किसी भी समाज के समग्र और संतुलित विकास के लिए आवश्यक है।

श्रीमती कौशल्या साय ने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा को अपने जीवन का मजबूत आधार बनाएं तथा संस्कार, सेवा भाव और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि जब युवा शक्ति सकारात्मक दिशा में कार्य करती है, तो समाज और राष्ट्र दोनों सशक्त बनते हैं।

इस अवसर पर श्रीमती कौशल्या साय के साथ जिला पंचायत सदस्य गेंदबिहारी सिंह, सन्ना मंडल अध्यक्ष आनंद यादव, कल्याण आश्रम के प्रमुख पदाधिकारी पुरुषोत्तम सिंह, जनपद सदस्य राकेश गुप्ता, जनपद सदस्य रूपावती बाई , जनपद सदस्य कलावती बाई , वरिष्ठ नेता रामस्वरूप यादव , शंकर प्रसाद गुप्ता , कल्याण आश्रम जिलाध्यक्ष बलराम भगत, सर्व यादव सन्ना अध्यक्ष रामनारायण यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीमती शारदा प्रधान, श्यामलाल भगत मनोरा , सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मंचासीन रहे।

कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों के सरपंच, सचिव, जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, मातृशक्ति, युवा वर्ग के साथ-साथ हजारों की संख्या में बच्चे, बुजुर्ग एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे , । कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगीत के साथ हुआ, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति, सामाजिक समरसता और सेवा भाव से ओतप्रोत नजर आया।


कल्याण आश्रम का यह वार्षिकोत्सव कार्यक्रम सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और सेवा भावना का सशक्त संदेश देता दिखा। वहीं श्रीमती कौशल्या साय की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान करते हुए इसे क्षेत्रवासियों के लिए एक यादगार अवसर बना दिया ।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment