जशपुर बगीचा/ जिला प्रशासन के निर्देशानुसार बगीचा विकासखंड अंतर्गत जनपद पंचायत बगीचा परिसर में आधार सेवा केंद्र की शुरुआत कर दी गई है। यह पहल क्षेत्रवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई है, जिससे अब आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए लोगों को दूर-दराज के इलाकों में भटकना नहीं पड़ेगा।
प्रशासन द्वारा जनपद पंचायत कार्यालय के समीप आधार सेवा केंद्र को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के पालन में बगीचा जनपद मुख्यालय के पास ही आधार सेवा केंद्र प्रारंभ किया गया है। इस केंद्र के माध्यम से बगीचा नगर पंचायत सहित आसपास के ग्राम पंचायतों और पूरे पाठ क्षेत्र के नागरिकों को आधार पंजीयन, संशोधन सहित अन्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी।
जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनोद सिंह ने बगीचा क्षेत्र पहाड़ी और दुर्गम भू-भाग से घिरा हुआ है, जिसके कारण पहले लोगों को आधार संबंधित कार्यों के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा यह सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई गई है।
आधार सेवा केंद्र की शुरुआत से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने इस जनहितकारी पहल के लिए जिला प्रशासन एवं जनपद पंचायत बगीचा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
























