जशपुरनगर 29 जनवरी 2026/ लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, सुगम और सहभागी बनाने की दिशा में जशपुर जिले ने एक उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर जशपुर जिले को “निर्वाचन में तकनीक के प्रभावी उपयोग” श्रेणी के अंतर्गत राज्य स्तरीय सर्वश्रेष्ठ निर्वाचन जिला के रूप में सम्मानित किया गया है।
भारत निर्वाचन आयोग के मार्गदर्शन में संपन्न 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह के तहत यह सम्मान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ द्वारा प्रदान किया गया। विगत दिवस कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित सादे समारोह में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने यह स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रोहित व्यास को सौंपे।
सम्मान प्राप्ति के अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने निर्वाचन कार्य से जुड़े समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि टीम वर्क, समयबद्ध कार्यप्रणाली और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के निष्ठापूर्वक पालन का परिणाम है। निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सभी ने जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
तकनीक के सहारे मजबूत हुआ लोकतंत्र
निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जशपुर जिले में सूचना प्रौद्योगिकी का व्यापक उपयोग किया गया। मतदाता सूची के शुद्धिकरण से लेकर डिजिटल मॉनिटरिंग, ऑनलाइन प्रशिक्षण व्यवस्था, सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाता जागरूकता, स्वीप गतिविधियों में तकनीकी प्रयोग और चुनाव प्रबंधन में आईटी टूल्स के नवाचारों ने जिले को राज्य स्तर पर अलग पहचान दिलाई।
कलेक्टर के नेतृत्व में बना जनभागीदारी मॉडल
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रोहित व्यास के नेतृत्व में निर्वाचन कार्य को एक प्रशासनिक दायित्व से आगे बढ़ाकर जनसहभागिता के अभियान के रूप में संचालित किया गया। प्रशासनिक अमला, तकनीकी टीम और मैदानी कर्मचारियों के समन्वय से तकनीक को आम मतदाता तक पहुंचाया गया, जिसकी सराहना निर्वाचन आयोग स्तर पर की गई।
जशपुर के लिए गौरव का अवसर
राज्य स्तरीय यह सम्मान न केवल जिला प्रशासन, बल्कि जिले के प्रत्येक मतदाता और लोकतांत्रिक व्यवस्था में आस्था रखने वाले नागरिकों के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि सुदूर आदिवासी और पहाड़ी अंचलों वाला जशपुर जिला भी तकनीक आधारित सुशासन और निर्वाचन नवाचार में राज्य के लिए उदाहरण बन सकता है।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 पर मिला यह पुरस्कार जशपुर जिले के निर्वाचन इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ है, जो भविष्य में और अधिक पारदर्शी तथा सहभागितापूर्ण चुनाव प्रक्रिया के लिए प्रेरणा देगा।
























