सिर्फ नियम नहीं, सुरक्षा का संकल्प… रायगढ़ में कुछ अलग दिखी सड़क सुरक्षा की तस्वीर

रायगढ़, 29 जनवरी 2026/ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत रायगढ़ में आज यातायात जागरूकता का एक अलग ही स्वरूप देखने को मिला, जब महिला पुलिस और प्रतिष्ठित महिला संगठन “दिव्य शक्ति रायगढ़” के संयुक्त प्रयास से हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व और यातायात नियमों के प्रति सजग करना रहा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में डीएसपी साधना सिंह के नेतृत्व में महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं सामाजिक संगठन की महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। रैली को थाना यातायात परिसर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी, डीएसपी यातायात श्री उत्तम प्रताप सिंह एवं “दिव्य शक्ति रायगढ़” की श्रीमती कविता बेरिवाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

रैली शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होकर गुज़री, जहां प्रतिभागियों ने हाथों में यातायात जागरूकता संदेशों की तख्तियां लेकर आम नागरिकों को हेलमेट पहनने और नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान महिलाओं ने सीधे संवाद के माध्यम से यह संदेश दिया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का मजबूत कवच है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु का प्रमुख कारण सिर में गंभीर चोट होती है, जिसे मानक हेलमेट पहनकर काफी हद तक टाला जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोपहिया वाहन पर चालक ही नहीं, बल्कि पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। सामाजिक संगठनों की सहभागिता की सराहना करते हुए उन्होंने इसे सुरक्षित यातायात की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि छोटी-सी लापरवाही पूरे परिवार को गहरे दुःख में डाल सकती है। उन्होंने नागरिकों से हेलमेट पहनने, तेज गति से वाहन न चलाने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करने की अपील की।

रैली के समापन पर महिला पुलिस कर्मियों, “दिव्य शक्ति रायगढ़” की सदस्याओं एवं उपस्थित नागरिकों ने सुरक्षित यातायात और हेलमेट उपयोग का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन की भागीदारी रही, जिससे अभियान को व्यापक समर्थन मिला।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment