नारायणपुर से होने जा रहा है बड़ा  अंतरण ,लाखों महिलाओं के खातों में पहुंचेगी अगली किस्त

रायपुर, 30 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के अंतर्गत महिलाओं को आर्थिक संबल देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 30 जनवरी को नारायणपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से योजना की 24वीं किस्त की राशि जारी करेंगे।

इस अवसर पर प्रदेश की 68 लाख 39 हजार 592 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कुल 641 करोड़ 34 लाख रुपये अंतरित किए जाएंगे। यह राशि सीधे लाभार्थी महिलाओं के खातों में पहुंचेगी, जिससे योजना की पारदर्शिता और प्रभावशीलता और अधिक सुदृढ़ होगी।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को की गई थी। योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति सम्मानपूर्वक कर सकें।

अब तक योजना के माध्यम से 23 किस्तों में प्रदेश की महिलाओं को कुल 14,954.42 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके खातों में प्रदान की जा चुकी है। 24वीं किस्त जारी होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 15,595.77 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।

यह योजना न केवल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत आधार बनी है, बल्कि राज्य सरकार की महिला कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को भी स्पष्ट रूप से दर्शाती है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment