खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के अंतर्गत जशपुर जिले में धान खरीदी का कार्य शासन के निर्देशानुसार सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि वे बिना किसी कठिनाई के अपनी उपज का विक्रय कर सकें।
इसी क्रम में कुनकुरी विकासखंड स्थित धान खरीदी केंद्र में ग्राम श्रीटोली निवासी किसान श्री राजकमल ने बताया कि धान विक्रय के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि केंद्र में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था, पर्याप्त मात्रा में बारदाना और धान की तौल समय पर और व्यवस्थित ढंग से की गई, जिससे उन्हें संतोषजनक अनुभव मिला।

वहीं किसान श्रीमती जशोदा ने बताया कि उन्होंने 55 क्विंटल धान का टोकन कटवाया था और पूरे विक्रय प्रक्रिया के दौरान उन्हें किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों का व्यवहार सहयोगात्मक रहा और खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न हो रही है। इससे किसानों का समय बच रहा है और अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल रही है।
किसानों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। धान खरीदी व्यवस्था को सुदृढ़ कर किसानों के मान-सम्मान को बढ़ाया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
























