जशपुर : ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौ तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, तीन दिनों में 74 गौवंश मुक्त, दो तस्कर गिरफ्तार

जशपुर, 03 फरवरी 2026 / गौ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बीते तीन दिनों के भीतर जिले के अलग-अलग थाना एवं चौकी क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 74 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है, जबकि दो गौ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी तलाश जारी है।

यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में थाना नारायणपुर एवं चौकी मनोरा क्षेत्रांतर्गत की गई।

थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत दिनांक 02.02.2026 की रात्रि ग्राम चटकपुर-बेने के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग भारी संख्या में गौवंशों को पैदल हांकते हुए झारखंड राज्य की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां गौ तस्करों द्वारा पुलिस को देख भागने का प्रयास किया गया। घेराबंदी कर पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया, जबकि अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पकड़े गए आरोपियों में अमन टोप्पो (20 वर्ष) निवासी ग्राम कजरा, कनपोड़ा, थाना नारायणपुर तथा एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर गौवंशों को झारखंड ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से 32 नग गौवंश बरामद किए, जिनका पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।

इस मामले में थाना नारायणपुर में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी अमन टोप्पो को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा जा रहा है।

इसी क्रम में चौकी मनोरा क्षेत्रांतर्गत दिनांक 31.01.2026 की शाम ग्राम केसरा के जंगल में ग्रामीणों की सूचना एवं सहयोग से पुलिस ने 42 नग गौवंशों को मुक्त कराया। इस दौरान गौ तस्कर ग्रामीणों को देखकर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। सभी गौवंशों का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया गया है।

मनोरा प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत मामला दर्ज कर जांच विवेचना में लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पूरे अभियान को लेकर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी के प्रति अत्यंत संवेदनशील है। ऑपरेशन शंखनाद के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment