रायगढ़ : जब पुलिस ने संभाला मोर्चा, नशे के खिलाफ गांव ने लिया बड़ा संकल्प…

रायगढ़, 05 फरवरी 2026/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने थाना तमनार अंतर्गत ग्राम पंचायत कोडकेल का भ्रमण कर नशामुक्ति को लेकर आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता की। स्कूल प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय “युवा संकल्प – नशे से मुक्ति की पहल, नशामुक्त समाज” रहा, जिसमें युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम का आयोजन हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड एवं ‘आगाज़ – एक नई पहल’ संस्था के संयुक्त सहयोग से किया गया। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री सुशांत बनर्जी, थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, 10 ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। विद्यार्थियों द्वारा तिलक, श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया।

इस दौरान एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह द्वारा नशामुक्ति पर आधारित संदेशात्मक गीत “नशा नाश की जड़ है भैया” का क्लैप बोर्ड के माध्यम से लोकार्पण किया गया। गीत पर मिडिल स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया।

कार्यक्रम में कोटरापाली की लोककला संस्था ‘अंगना के देवना’ द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने नशे से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक एवं व्यक्तिगत नुकसान को प्रभावी रूप से दर्शाया, जिससे ग्रामीण भाव-विभोर हो उठे।

इस अवसर पर ग्रामवासियों ने कोडकेल को नशामुक्त पंचायत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया तथा एक माह के भीतर पंचायत को पूर्ण रूप से नशामुक्त करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

अपने संबोधन में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि
“नशा अपराध की जड़ है। रायगढ़ पुलिस द्वारा जिलेभर में शराब एवं अन्य सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। नशा केवल मादक पदार्थों तक सीमित नहीं, बल्कि वह हर आदत है जो व्यक्ति को अपराध की ओर ले जाती है।”
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवन अपनाने की अपील की।

उन्होंने यह भी कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए आमजन की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। रायगढ़ पुलिस प्रत्येक सूचना पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई करेगी।

डीएसपी श्री सुशांत बनर्जी ने जिले में प्रचलित विभिन्न नशों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से नशे के विरुद्ध एकजुट होकर मजबूत सामाजिक वातावरण तैयार करने की अपील की।

थाना प्रभारी तमनार ने ‘जागृति नशामुक्ति समिति’ के माध्यम से महिलाओं की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम के अंत में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह द्वारा “युवा संकल्प नशामुक्ति जागरूकता रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन श्री प्रेम कुमार सिंह द्वारा किया गया, जबकि संचालन श्री रामधन मल्लाह (सहायक शिक्षक, कोडकेल) ने किया। कार्यक्रम में महिलाओं की उल्लेखनीय सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

इस अवसर पर हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड से प्रेम कुमार सिंह (मानव संसाधन अधिकारी) एवं रंजना नाग (सीएसआर हेड) तथा ‘आगाज़’ संस्था से मोनिका इजारदार, प्रकाश जायसवाल, राजेंद्र साहू, जय चौहान सहित बड़ी संख्या में वॉलिंटियर्स एवं जागृति नशामुक्ति महिला समूह, कोडकेल की सक्रिय भागीदारी रही।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment