रायगढ़, 08 फरवरी 2026/
जिले में गौवंश तस्करी पर पूर्ण विराम लगाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गौवंश की तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 08 नग गौवंश सुरक्षित मुक्त कराए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई जा रही है। मुक्त कराए गए सभी गौवंशों के लिए तत्काल पानी एवं चारे की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित रूप से गौशाला में रखा गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि तीन व्यक्ति कुंजारा क्षेत्र से गौवंशों को पैदल, बेरहमी से हांकते हुए बिना चारा-पानी के उड़ीसा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक श्री गिरधारी साव ने टीम गठित कर अटल चौक के पास घेराबंदी की, जहां तीनों आरोपी गौवंशों को ले जाते हुए पकड़े गए।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मायाराम नागवंशी (45 वर्ष), सोहन यादव (47 वर्ष) एवं विद्याधर नागवंशी (36 वर्ष), सभी निवासी थाना बागबहार, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़) बताया। पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहे जाने पर आरोपी कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने गवाहों के समक्ष आरोपियों के कब्जे से 08 नग गौवंश जप्त कर थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 35/2026 दर्ज किया। प्रकरण में छत्तीसगढ़ कृषक पशु संरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं 11 के तहत विधिवत कार्रवाई की गई। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक श्री गिरधारी साव, प्रधान आरक्षक श्री राम प्रसाद चौहान एवं आरक्षक श्री चमार साय भगत की उल्लेखनीय भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिले में गौवंश तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की नजर लगातार तस्करों पर बनी हुई है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी पशु तस्करी की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।











