रायगढ़, 08 फरवरी 2026/ महिलाओं एवं नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार सख्त और संवेदनशील कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
प्रकरण को लेकर दिनांक 06 फरवरी 2026 की रात्रि बालिका के पिता द्वारा महिला थाना रायगढ़ में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह अपनी पत्नी के साथ नटवर स्कूल में प्रवचन सुनने गए हुए थे तथा घर में बच्चे मौजूद थे। रात्रि लगभग 10 बजे घर लौटने पर उनकी पुत्री ने बताया कि उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर दिलसाय चौहान छत पर बने गेट के रास्ते घर के भीतर घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ की। आरोपी द्वारा घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने एवं मारपीट करने की धमकी भी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। रिपोर्ट के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 08/2026 धारा 331(4), 74, 75(2), 115(2), 351(3) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 8 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलसाय चौहान पिता स्व. समारू चौहान, उम्र 25 वर्ष, निवासी रायगढ़, थाना सिटी कोतवाली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
इस संवेदनशील कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी श्रीमती दीपिका निर्मलकर, सहायक उप निरीक्षक श्री विल्फ्रेड मसीह तथा महिला थाना का हमराह स्टाफ शामिल रहा।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का कड़ा संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि “रायगढ़ जिले में महिलाओं एवं नाबालिगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनके सम्मान और गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।”
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या आपराधिक गतिविधि की जानकारी बिना भय के पुलिस को दें, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और समाज में सुरक्षित वातावरण बना रहे।











