जशपुरनगर, 8 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार के निर्देशन में जिले की सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का संयुक्त आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार, आजीविका और आवास से जुड़ी प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक माह की 7 तारीख को आयोजित होने वाला रोजगार दिवस शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। आयोजन के दौरान ग्रामीणों एवं मनरेगा श्रमिकों को विकसित भारत जी-राम-जी योजना के विभिन्न प्रावधानों से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायतों के सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर मनरेगा अंतर्गत स्वीकृत एवं संचालित कार्यों की जानकारी मोबाइल के माध्यम से प्राप्त करने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया गया। क्यूआर कोड आधारित जानकारी से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और विश्वास को और मजबूती मिली है।
—
🔸 विकसित भारत जी-राम-जी योजना पर विशेष चर्चा
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी नरेगा के स्थान पर लागू की जा रही नवीन योजना ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’, जिसे विकसित भारत जी-राम-जी के नाम से जाना जा रहा है, के उद्देश्य एवं लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि इस योजना के अंतर्गत रोजगार गारंटी को बढ़ाकर ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों का सुनिश्चित रोजगार प्रदान किया जाएगा।
योजना में ग्राम पंचायत विकास योजना, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, मोबाइल आधारित निगरानी व्यवस्था, बेरोजगारी भत्ता, जल संरक्षण एवं जल आधारित कार्यों को प्राथमिकता तथा ग्रामीण अधोसंरचना को सुदृढ़ करने जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल हैं, जिससे आत्मनिर्भर और सशक्त ग्रामीण भारत के निर्माण को गति मिलेगी।
—
🔸 प्रधानमंत्री आवास योजना पर फोकस
आवास दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा की गई। हितग्राहियों को समय-सीमा के भीतर आवास निर्माण पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराया जा सके।
इस संयुक्त आयोजन में मनरेगा श्रमिक, आवास हितग्राही, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, आवास मित्र सहित जनपद एवं जिला स्तर के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।











