रायगढ़: रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। होटल संचालिका से किराए के नाम पर ट्रेलर वाहन लेकर आरोपियों ने पहले उसका डाला बेच दिया और बाद में इंजन बेचने की तैयारी कर रहे थे। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के स्पष्ट निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
🔹 कैसे हुआ पूरा फर्जीवाड़ा
प्रार्थिया श्रीमती मीना चौहान (48 वर्ष), निवासी ग्राम कंचनपुर, ने 07 फरवरी 2026 को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह घरघोड़ा–धरमजयगढ़ मार्ग के समीप अपने बेटों के साथ होटल संचालित करती हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने रायगढ़ निवासी अकबर खान से 16 लाख रुपये में पुराना ट्रेलर वाहन क्रमांक CG-13-LA-4176 खरीदा था, जो टाटा फाइनेंस कंपनी से फाइनेंस था। बीमा व अन्य दस्तावेज लंबित होने के कारण वाहन होटल के सामने खड़ा था।
इसी दौरान घरघोड़ा क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कंपनियों में सुपरवाइजर का कार्य करने वाला परमेश्वर चौहान वाहन के संबंध में जानकारी लेने लगा। उसने स्वयं के खर्च पर दस्तावेज बनवाने और 85 हजार रुपये प्रतिमाह किराया देने का प्रस्ताव दिया। उसके झांसे में आकर महिला ने सहमति दे दी।
🔹 ट्रेलर लेकर हुआ फरार
20 जनवरी 2026 को परमेश्वर चौहान अपने साथी लीलाम्बर प्रसाद चौहान के साथ होटल पहुंचा। लीलाम्बर ट्रेलर चलाकर ले गया और कुछ दिन बाद लिखापढ़ी करने की बात कही। इसके बाद परमेश्वर ने मोबाइल बंद कर लिया और संपर्क से बाहर हो गया।
संदेह होने पर ट्रेलर में लगे जीपीएस सिस्टम से लोकेशन ट्रैक की गई, जिसमें वाहन कुंजारा, थाना लैलूंगा क्षेत्र में दिखा। 05 फरवरी को प्रार्थिया अपने पुत्रों के साथ मौके पर पहुंची तो वहां केवल ट्रेलर का इंजन खड़ा मिला, जबकि डाला गायब था।
🔹 पूछताछ में बड़ा खुलासा
रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 43/2026, धारा 318(4), 316(2), 316(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में लीलाम्बर चौहान ने स्वीकार किया कि उसने परमेश्वर चौहान के साथ मिलकर 22 जनवरी 2026 को ट्रेलर का डाला बिलासपुर में बेच दिया था और इंजन को बेचने के लिए कुंजारा क्षेत्र में खड़ा किया गया था।
🔹 जब्ती और गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रेलर वाहन CG-13-LA-4176 का इंजन जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर—
1. परमेश्वर चौहान, पिता पुनीराम चौहान, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बैस्कीमुड़ा, थाना लैलूंगा
2. लीलाम्बर प्रसाद चौहान, पिता मसतराम चौहान, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम खेडआमा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़
को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
🔹 सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल एवं उद्धोराम पटेल की सराहनीय भूमिका रही।
👉 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के स्पष्ट निर्देश पर जिले में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कठोर कार्रवाई जारी है। घरघोड़ा पुलिस ने एक बार फिर भरोसा तोड़कर संपत्ति हड़पने वालों के खिलाफ सख्त संदेश दिया है।











