जशपुर: सब्जी बनाने का विवाद बना जानलेवा, गर्भवती पत्नी की हत्या कर बच्ची लेकर फरार हुआ पति , गिरफ्तार

जशपुर: जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम ढोठीपहरी, कुरूम ढोढा में घरेलू विवाद के चलते गर्भवती महिला की हत्या का गंभीर मामला सामने आया है। सब्जी पकाने को लेकर हुए मामूली विवाद में आरोपी पति ने आवेश में आकर अपनी पत्नी के सिर पर डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी और अपनी 02 वर्षीय बच्ची को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

🔹 घटना का संक्षिप्त विवरण

प्रकरण में प्रार्थी जेठू विश्वकर्मा (45 वर्ष), निवासी ग्राम बेलसुंगा, थाना नारायणपुर द्वारा दिनांक 06.02.2026 को थाना नारायणपुर में सूचना दी गई थी कि उसकी पुत्री कमला विश्वकर्मा का शव ग्राम ढोठीपहरी, कुरूम ढोढा में मिला है।

मृतिका कमला विश्वकर्मा आरोपी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा के साथ पति-पत्नी के रूप में रह रही थी। दोनों की एक 02 वर्षीय बेटी है तथा मृतिका लगभग 06 माह की गर्भवती थी। कुछ समय से दंपती प्रार्थी के घर ग्राम बेलसुंगा में रह रहे थे, इसके बाद करीब एक सप्ताह पूर्व आरोपी अपनी पत्नी और बच्ची को लेकर अपने नाना के घर ग्राम ढोठीपहरी, कुरूम ढोढा चला गया था।

🔹 कैसे हुई वारदात

दिनांक 06 फरवरी 2026 को शाम लगभग 07:30 बजे सब्जी बनाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा ने आवेश में आकर पास में पड़े लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी अपनी दो साल की बच्ची को लेकर फरार हो गया।

🔹 पुलिस की कार्रवाई

सूचना पर थाना नारायणपुर पुलिस द्वारा मर्ग इंटीमेशन कायम कर मौके पर पहुंचकर शव पंचनामा की कार्रवाई की गई। फॉरेंसिक अधिकारी से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया तथा मृतिका के नवविवाहिता होने के कारण दंडाधिकारी, बगीचा से भी पंचनामा कराया गया।
मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें चिकित्सक द्वारा मृत्यु का कारण मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण हत्यात्मक लेख किया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 14/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

🔹 आरोपी गिरफ्तार

नारायणपुर पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश देते हुए आरोपी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा (उम्र 27 वर्ष), निवासी ग्राम ढोढ़ीबहार, चौकी दोकड़ा, जिला जशपुर (छ.ग.) को उसके गृह ग्राम से हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने एवं पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त किया गया है।

🔹 सराहनीय भूमिका

इस प्रकरण की कार्रवाई में सउनि उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक उमेश मिंज, प्रधान आरक्षक अजय कुजूर, आरक्षक कुलदीप खलखो, अशोक कंसारी, प्रदीप भगत, सैनिक वीरेंद्र भगत एवं ओमप्रकाश यादव की सराहनीय भूमिका रही।

👉 पुलिस अधिकारियों का संदेश

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि थाना नारायणपुर क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर फरार आरोपी पति को पुलिस ने शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। ऐसे जघन्य अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment