रायगढ़, 11 फरवरी 2026। जिले में गौवंश तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत लैलूंगा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 गौवंश को मुक्त कराया है। इस मामले में कुख्यात मवेशी तस्कर रब्बुल खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में गौवंश संरक्षण और मवेशी तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गौवंश पर क्रूरता और अवैध परिवहन के मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसी क्रम में लैलूंगा पुलिस ने पिछले एक सप्ताह में दूसरी महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
10 फरवरी को थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम करवारजोर निवासी रब्बुल खान मवेशियों को मारते-पीटते और भूखे-प्यासे उड़ीसा की ओर ले जा रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने ग्राम करवारजोर में घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 नग गौवंश, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2,56,000 रुपये बताई गई है, बरामद कर मुक्त कराया। पूछताछ में आरोपी ने मवेशियों को बुचड़खाने ले जाने की बात स्वीकार की। मुक्त कराए गए मवेशियों का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराकर उन्हें सुरक्षित रूप से सलखिया गौशाला में भेजा गया।
अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी रब्बुल खान पिता काशिम खान (उम्र 39 वर्ष), निवासी करवारजोर थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ के विरुद्ध थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं 11 के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 7 फरवरी को भी लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन मवेशी तस्करों से 8 मवेशियों को मुक्त कराया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत जिले में अवैध मवेशी परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के साथ प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा, आरक्षक राजू तिग्गा एवं आरक्षक किशोर कुल्लू की विशेष भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में मवेशियों के अवैध परिवहन, तस्करी और क्रूरता जैसे कृत्यों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि गौवंश तस्करी से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।











