जीपीएम, 11 फरवरी 2026। जिले की स्थापना की छठवीं वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए नवीन जिला अस्पताल भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह अस्पताल 100 बिस्तरों की क्षमता वाला अत्याधुनिक स्वास्थ्य केंद्र होगा, जिससे जिलेवासियों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक श्री प्रणव मरपच्ची ने की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वस्थ समाज ही समृद्ध राज्य की नींव होता है।” उन्होंने कहा कि नए अस्पताल भवन से जीपीएम जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि जब शासन और समाज मिलकर कार्य करते हैं तो बड़े सामाजिक परिवर्तन संभव होते हैं।
52 पंचायतें टीबी मुक्त, 71 बाल विवाह मुक्त
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले की 52 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त तथा 71 ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त घोषित किया। संबंधित सरपंचों को प्रशस्ति पत्र और महात्मा गांधी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।
बताया गया कि बाल विवाह मुक्त घोषित पंचायतों में पिछले दो वर्षों में एक भी बाल विवाह का मामला सामने नहीं आया, वहीं टीबी मुक्त पंचायतों में दो से तीन वर्षों से कोई नया प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों और जनजागरूकता अभियानों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।
फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को मिली गति
मुख्यमंत्री ने फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत जागरूकता फैलाने के लिए तीन प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी तक संचालित होगा, जिसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को निःशुल्क सामूहिक दवा सेवन कराया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक श्री अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैंकरा, अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।











