जशपुर: एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में गौ तस्करी पर प्रहार, लोदाम व सिटी कोतवाली क्षेत्र से 95 गौवंश बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

जशपुर, 16 फरवरी 2026। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गत चार दिनों में थाना लोदाम और सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत कुल 95 गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

🔎 लोदाम थाना क्षेत्र में कार्रवाई

12 फरवरी 2026 को मुखबिर सूचना पर लोदाम पुलिस ने कोनबिरा क्षेत्र में नाकेबंदी की। सूचना थी कि एक पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में गौवंश को झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है और एक वैगनआर कार आगे चलकर पुलिस की रेकी कर रही है।

पुलिस ने घेराबंदी कर वैगनआर कार को रोका, जिसमें सवार मुर्शीद आलम (27 वर्ष) एवं सर्वेज आलम (27 वर्ष), निवासी साईं टांगर टोली, को हिरासत में लिया गया। उनके बताए अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक JH-07-1153 को रोका गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। वाहन की तलाशी में 12 गौवंश बरामद किए गए।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार चालक की तलाश जारी है।

🚛 ट्रक से 43 गौवंश बरामद, 20 की मौत

15 फरवरी की सुबह पुत्रीचौरा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 पर संदिग्ध ट्रक (CG-14-MF-1376) से 43 गौवंश बरामद किए गए। इनमें से 20 गौवंश की ट्रक में ही मृत्यु हो चुकी थी। शेष पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा मृत गौवंश का पोस्टमार्टम उपरांत अंतिम संस्कार कराया गया।

इसी दिन जूरतेला क्षेत्र से पैदल हांककर ले जाए जा रहे 10 गौवंश को भी मुक्त कराया गया। इन मामलों में आरोपी अंधेरे और जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गए।

इन सभी प्रकरणों में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना जारी है।

🌉 सिटी कोतवाली क्षेत्र में 25 गौवंश मुक्त

15 फरवरी की रात्रि ग्राम चेडेया के लावा नदी पुल के पास पुलिस ने 25 गौवंश को पैदल ले जाते हुए तस्करों से मुक्त कराया। पुलिस को देखते ही आरोपी फरार हो गए। इस मामले में भी संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।


👮‍♂️ पुलिस की सख्त चेतावनी

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट कहा है कि गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस अत्यंत संवेदनशील है। अभियान के तहत अब तक 95 गौवंश को मुक्त कराया गया है और तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहनों को जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ‘ऑपरेशन शंखनाद’ निरंतर जारी रहेगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment