जशपुर: एनडीडीबी डेयरी समग्र विकास योजना से सरोजनी एक्का को मिला आर्थिक सशक्तिकरण का संबल

जशपुर, 23 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप जिले में पशुपालकों को विभागीय योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कुनकुरी विकासखंड के सेन्द्रिमुण्डा की निवासी सरोजनी एक्का को एनडीडीबी डेयरी समग्र विकास योजना के तहत लाभान्वित किया गया है।

योजना के अंतर्गत उन्हें उन्नत नस्ल की एक साहीवाल गाय प्रदान की गई है। कुल 1 लाख 40 हजार रुपये की इकाई लागत पर 50 प्रतिशत अनुदान स्वीकृत किया गया है। इसके साथ ही एक वर्ष का निःशुल्क बीमा भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे पशुपालक को किसी अप्रत्याशित नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिदिन प्रति पशु 2 किलो पशु आहार, 5 किलो साइलेज और 50 ग्राम मिनरल मिक्सचर उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में लगभग 10 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन हो रहा है, जिसे सेन्द्रिमुण्डा स्थित एनडीडीबी के मिल्क पुलिंग पॉइंट पर पारदर्शी दुग्ध संकलन प्रणाली के माध्यम से 43 से 45 रुपये प्रति लीटर की दर से बेचा जा रहा है।

पशु चिकित्सा विभाग द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान एवं कृमिनाशक दवाइयों की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। साथ ही आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन देकर पशुपालकों को आधुनिक डेयरी प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

दूध विक्रय से होने वाली अतिरिक्त आय से सरोजनी एक्का न केवल अपनी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति कर पा रही हैं, बल्कि परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी सक्रिय योगदान दे रही हैं। उन्होंने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment