रायपुर, 4 मार्च 2026। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत बनाने का महापर्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व हमें एक-दूसरे के करीब लाता है, मन के भेद मिटाता है और समाज में समरसता व एकता की भावना को सुदृढ़ करता है। भारतीय संस्कृति में होली का विशेष महत्व बताते हुए उन्होंने इसे बुराई पर अच्छाई की विजय, अहंकार पर विनम्रता की जीत और वैमनस्य पर प्रेम की प्रधानता का प्रतीक बताया।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि होली का त्योहार हर्षोल्लास, संयम और पारंपरिक मर्यादाओं के साथ मनाएं। साथ ही प्राकृतिक रंगों के उपयोग को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के रंगों से सजी यह होली छत्तीसगढ़ की एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव को और अधिक सुदृढ़ करेगी।
उन्होंने सभी नागरिकों को पुनः होली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।




















