रायगढ़, 8 मार्च 2026। खरसिया क्षेत्र में स्थित जैन मंदिर की दानपेटी से रुपए चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में से एक हाल ही में चोरी के मामले में जेल से जमानत पर छूटा था और बाहर आते ही अपने साथी के साथ मिलकर मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार सराफा लाइन वार्ड नंबर 11 खरसिया निवासी राजेंद्र मेहता (64 वर्ष) ने 6 मार्च 2026 को चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कॉन्वेंट स्कूल के पास स्थित सामाजिक श्वेतांबर जैन मंदिर में सुबह पूजा करने पहुंचे तो मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर रखी दानपेटी का ताला भी टूटा हुआ था और उसमें रखे करीब 5 से 6 हजार रुपये अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिए गए थे।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस चौकी खरसिया (थाना खरसिया) में अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूर्व में मंदिर चोरी के मामलों में शामिल संदेहियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में देव उर्फ देवा श्रीवास और उसके साथी मोनू चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने मंदिर की दानपेटी से रुपए चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी राशि और वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक मनोज मरावी, आरक्षक साविल चंद्रा और आरक्षक मुकेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों में चोरी या इस प्रकार के अपराध करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।




















