रायगढ़, 8 मार्च 2026। होली के दिन युवक पर चापड़ और डंडे से जानलेवा हमला करने के मामले में कोतरारोड़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार 4 मार्च 2026 को होली के दिन थाना कोतरारोड़ क्षेत्र के किरोड़ीमल नगर में वासु महंत पर पुराने विवाद को लेकर हमला किया गया था। आरोप है कि सुभाष चंद्र निषाद और उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक ने चापड़ और डंडे से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के संबंध में प्रार्थी तुषार दास महंत की रिपोर्ट पर थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 64/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 296, 351(3), 115(2), 118 और 3(5) में मामला दर्ज किया गया। घायल की मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109(1) भी जोड़ी गई।
घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई। गिरफ्तारी के डर से दोनों आरोपी फरार हो गए थे और उनके रायपुर की ओर भागने की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस टीम ने रायपुर में भी संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी किरोड़ीमल नगर क्षेत्र में देखे गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर सुभाष चंद्र निषाद (25 वर्ष) निवासी शांति नगर, किरोड़ीमल नगर तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने पुराने विवाद के चलते युवक पर हमला करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का चापड़ और डंडा भी बरामद कर लिया है। दोनों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया है।
पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में की गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जिले में गुंडागर्दी या कानून हाथ में लेने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
—




















