रायगढ़: “ऑपरेशन आघात” में पुलिस की ताबड़तोड़ रेड… 44 लीटर महुआ शराब जब्त, 4 आरोपी पकड़े गए

रायगढ़, 8 मार्च 2026। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 44 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है। सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई तमनार, चौकी खरसिया और थाना भूपदेवपुर क्षेत्र में की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा और अवैध शराब जब्त की।

मौहापाली में खरसिया पुलिस की कार्रवाई

चौकी खरसिया पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम मौहापाली का एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए खरसिया की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर संत दास डहरिया (39 वर्ष) निवासी मौहापाली को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 10 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

तमनार में 20 लीटर शराब बरामद

थाना तमनार पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम आमाघाट निवासी निर्मल मिंज (20 वर्ष) हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब बिक्री के लिए लेकर जा रहा है। पुलिस ने आमाघाट रेलवे पुल के पास नाकेबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया और उसके कब्जे से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की।

भूपदेवपुर में दो आरोपियों पर कार्रवाई

थाना भूपदेवपुर पुलिस ने ग्राम पंडरीपानी क्षेत्र में नाकेबंदी कर जगबंधु राठिया (35 वर्ष) और संतराम खड़िया (28 वर्ष) को अवैध शराब के साथ पकड़ा। दोनों के कब्जे से अलग-अलग कार्रवाई में 7-7 लीटर महुआ शराब, कुल 14 लीटर शराब बरामद की गई।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए “ऑपरेशन आघात” के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब बनाने, परिवहन या बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment