जशपुर की हरियाली और गांव का सुकून… अब दूसरे राज्यों के पर्यटक भी हो रहे दीवाने

जशपुर, 8 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जशपुर जिले में भी पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। जिले के विभिन्न गांवों में संचालित होमस्टे में अब अन्य राज्यों और शहरों से पर्यटक पहुंच रहे हैं और यहां की प्राकृतिक सुंदरता तथा स्थानीय संस्कृति का अनुभव कर रहे हैं।

जिला प्रशासन भी कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इन प्रयासों के चलते जशपुर के गांवों में संचालित होमस्टे धीरे-धीरे पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनते जा रहे हैं। इससे स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार और आय के नए अवसर भी मिल रहे हैं।

इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के रायपुर से आए दो पर्यटक केरे स्थित महुआ होमस्टे में ठहरे। पर्यटकों ने यहां के शांत वातावरण, प्राकृतिक सौंदर्य और गांव के सरल जीवन का अनुभव किया। उन्होंने स्थानीय खान-पान और ग्रामीण आतिथ्य की भी जमकर सराहना की।

वहीं मध्य प्रदेश के सीधी जिले से आए चार पर्यटक देवोबरा (मयाली) स्थित बनफूल होमस्टे में ठहरे। इन पर्यटकों ने भी जशपुर की हरियाली, प्राकृतिक वादियों और गांव के सौहार्दपूर्ण माहौल को बेहद पसंद किया। ग्रामीणों की आत्मीय मेहमाननवाजी उनके लिए खास अनुभव साबित हुई।

स्थानीय होमस्टे में पर्यटक कार्तिकेय सिंह, कुसुम, अरविंद पटेल, निधि, रोशन साहू और प्रीति साहू सहित अन्य पर्यटकों के ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

जशपुर जिले में ग्रामीण पर्यटन धीरे-धीरे नई पहचान बना रहा है और आने वाले समय में इसके और विस्तार की उम्मीद जताई जा रही है। इससे क्षेत्र की प्राकृतिक विरासत के साथ-साथ ग्रामीणों की आजीविका को भी मजबूती मिल रही है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment