जशपुर: बगीचा विकासखंड के ग्राम पंचायत बच्छरांव के अंतर्गत आने वाले मांदरटंगना टोला पारा में ग्रामीणों के आवागमन को आसान बनाने के लिए पंचायत द्वारा मार्ग का मुरमीकरण कार्य कराया गया है। इस कार्य के पूरा होने के बाद अब ग्रामीणों को आने-जाने में काफी सुविधा मिल रही है और पहले की तरह कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
मांदरटंगना टोला पारा मुख्य बस्ती से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित है और इस मार्ग का बड़ा हिस्सा वनभूमि क्षेत्र से होकर गुजरता है। ऐसे में बरसात और खराब रास्ते के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती थी, जिसे देखते हुए पंचायत ने मार्ग का मुरमीकरण कराया।
जनपद पंचायत बगीचा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि मांदरटंगना बस्ती में कुल तीन हैंडपम्प उपलब्ध हैं। इनमें से एक हैंडपम्प को जल जीवन मिशन के तहत बोरिंग कराकर पानी की टंकी से जोड़ा गया है। बोरिंग होने के कारण आसपास के क्षेत्र में जलस्तर नीचे चला गया है।
स्थिति को ध्यान में रखते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग द्वारा पास ही एक नया बोर खनन कराया गया है। फिलहाल उसका कनेक्शन कार्य शेष है। अधिकारियों के अनुसार जैसे ही कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी होगी, बस्ती में पेयजल की समस्या का समाधान हो जाएगा।




















