जशपुर: विकासखंड कांसाबेल के बंसीबहार टोली में लंबे समय से खराब ट्रांसफार्मर के कारण बाधित बिजली आपूर्ति को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से बहाल कर दिया गया है। ट्रांसफार्मर बदलने के बाद क्षेत्र में फिर से नियमित विद्युत आपूर्ति शुरू हो गई है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार ग्राम दोकड़ा के सरपंच ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देकर बताया था कि बंसीबहार टोली में स्कूल के पास लगा ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। इसके कारण पूरे मुहल्ले में बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी और ग्रामीणों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विद्युत विभाग ने त्वरित पहल करते हुए खराब ट्रांसफार्मर को बदल दिया, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से पुनः प्रारंभ हो गई।
उल्लेखनीय है कि बगिया में स्थापित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। विशेष रूप से बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।




















