जशपुर: सूने मकान का ताला टूटा तो खुला चोरी का राज… कुनकुरी में चोर और खरीदार दोनों चढ़े पुलिस के हत्थे

जशपुर, 11 मार्च 2026। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में चोरी करने वाले आरोपी के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोना-चांदी के आभूषण तथा ताला और आलमारी तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार यह मामला कुनकुरी के रेमते रोड मोहल्ले का है। प्रार्थी राकेश कुमार साव (38 वर्ष) ने 9 मार्च को थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके बड़े पिता रामविलास प्रसाद के घर की देखरेख की जिम्मेदारी उन्हें दी गई थी, क्योंकि वे अपनी पत्नी के इलाज के लिए रांची में रह रहे थे।

इसी बीच 19 जनवरी को उनकी बड़ी मां का निधन हो गया था, जिसके कारण प्रार्थी भी क्रियाकर्म के लिए रांची गए हुए थे। जब वे 9 मार्च को वापस कुनकुरी लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर आलमारी खुली पड़ी है, जबकि सामान बिखरा हुआ था।

फोन पर जानकारी देने पर रामविलास प्रसाद ने बताया कि आलमारी में रखे सोने के कान के टॉप्स, एक जोड़ी चांदी की पायल, पांच नग चांदी की साठी तथा करीब डेढ़ हजार रुपये नकद गायब हैं। किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर ली है।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4), 305(क) और 317(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तुरी बस्ती कुनकुरी निवासी साहिल चौहान उर्फ मंटू अचानक काफी पैसे खर्च कर रहा है। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ही रामविलास प्रसाद के घर में चोरी की थी और सोने-चांदी के आभूषणों को कुनकुरी के बजरंग नगर निवासी दिवाकर ताम्रकार को 20 हजार रुपये में बेच दिया था।

इसके बाद पुलिस ने खरीदार दिवाकर ताम्रकार को भी हिरासत में लेकर उसके कब्जे से चोरी के सोने के कान के टॉप्स, एक जोड़ी चांदी की पायल और पांच नग चांदी की साठी बरामद कर लिए। साथ ही आरोपी की निशानदेही पर ताला और आलमारी तोड़ने में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी जब्त की गई।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी साहिल चौहान उर्फ मंटू (22 वर्ष), निवासी तुरी बस्ती कुनकुरी तथा दिवाकर ताम्रकार (28 वर्ष), निवासी बजरंग नगर कुनकुरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, सहायक उपनिरीक्षक ईश्वर वारले, प्रधान आरक्षक ढलेश्वर यादव, नंदलाल यादव और लियोन कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment