जशपुरनगर, 12 मार्च 2026। जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में कृषि एवं उससे संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कृषि क्रांति एक्सपो एवं किसान मेला की तैयारियों के साथ-साथ विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सीईओ ने एग्रीस्टेक पंजीयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित किसानों के आईडी निर्माण और पंजीयन का कार्य 15 दिनों के भीतर पूरा किया जाए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लंबित पंजीयन भी शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
खेतों में 5 प्रतिशत जल संचय मॉडल अपनाने पर जोर
सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने किसानों को जल संरक्षण और भूजल संवर्धन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान अपने खेतों में 5 प्रतिशत जल संचय मॉडल (फार्म पॉण्ड) विकसित करें, जिससे वर्षा जल का संचयन हो सके और सिंचाई सुविधाओं में वृद्धि हो।
कृषि क्रांति एक्सपो के लिए ग्राम स्तर तक प्रचार के निर्देश
बैठक में आगामी कृषि क्रांति एक्सपो एवं किसान मेला के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीईओ ने कहा कि इस आयोजन का ग्राम स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसान प्रतियोगिताओं के लिए आवेदन पत्र भरवाने, फसलवार कृषि क्लस्टर बनाने, लीडर किसानों का चयन करने और क्रेता कंपनियों के फील्ड विजिट की तैयारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि एक्सपो की सभी तैयारियां आपसी समन्वय और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि अधिक से अधिक किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और बाजार से जोड़ा जा सके।
प्रगतिशील किसानों ने साझा किए अनुभव
बैठक में प्रगतिशील किसानों ने खेती, विपणन और आय बढ़ाने से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। वरिष्ठ किसान श्री गर्ग ने स्ट्रॉबेरी उत्पादन में आने वाली चुनौतियों के साथ पंजाब ब्यूटी नाशपाती और पीच (सतालू) की खेती की संभावनाओं पर जानकारी दी।
वहीं गेंदा फूल उत्पादक किसान श्री मोती बंजारा ने बताया कि हार्वेस्ट के बाद गेंदा फूल को लगभग 25 दिनों तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
इसी प्रकार मत्स्य किसान श्री बसंत ने बताया कि वे 4.5 एकड़ क्षेत्र में पॉण्ड टैंक के माध्यम से मत्स्य पालन कर प्रतिवर्ष लगभग 5 लाख रुपये तक की आय प्राप्त कर रहे हैं। इस पर सीईओ ने जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए मत्स्य पालक किसानों के समूह गठित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप संचालक कृषि श्री एम.आर. भगत, सहायक संचालक कृषि सुश्री योग्यता सिंह सहित जिले के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित थे।




















