जशपुरनगर, 12 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा भारतीय थलसेना में अग्निवीर भर्ती के लिए युवाओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए पंजीयन और आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी से शुरू हो चुकी है, जो 1 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
जारी जानकारी के अनुसार अग्निवीर भर्ती के अंतर्गत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है, जबकि कुछ पदों के लिए आईटीआई अथवा डिप्लोमा की योग्यता भी मान्य होगी।
भर्ती प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों की आयु 17 वर्ष 6 माह से 21 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों का जन्म 1 जुलाई 2005 से 1 जुलाई 2009 के बीच होना चाहिए। इसके साथ ही अलग-अलग पदों के अनुसार न्यूनतम शारीरिक मानक भी तय किए गए हैं।
चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा आयोजित होगी। इसके बाद दूसरे चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा और चिकित्सा परीक्षण किया जाएगा।
अग्निवीरों को सेवा के पहले वर्ष में 30 हजार रुपये, दूसरे वर्ष में 33 हजार रुपये, तीसरे वर्ष में 36 हजार 500 रुपये और चौथे वर्ष में 40 हजार रुपये मासिक वेतन एवं भत्ते प्रदान किए जाएंगे। चार वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर सेवा निधि पैकेज के रूप में लगभग 10.04 लाख रुपये की राशि भी प्रदान की जाएगी, जो आयकर से मुक्त होगी।
युवाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर भारतीय सेना में शामिल होने के अवसर का लाभ उठाएं।





















