जशपुर: अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू ने गैस एजेंसी संचालकों की ली बैठक, उपभोक्ताओं सिलेंडर लेने में नहीं होनी चाहिए परेशानी ,अधिक दर या अवैध भंडारण मिला तो होगी कड़ी कार्रवाई

जशपुर, 14 मार्च 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देश पर जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता और आपूर्ति की समीक्षा के लिए अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में गैस एजेंसी संचालकों की बैठक ली।

बैठक में सहायक कलेक्टर श्री अनिकेत अशोक, खाद्य अधिकारी श्री आशीष चतुर्वेदी, जिला नोडल अधिकारी श्री रोहित सहित जिले के सभी गैस एजेंसी संचालक उपस्थित रहे।

अपर कलेक्टर श्री साहू ने एजेंसी संचालकों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले के सभी घरेलू गैस उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी निर्धारित दर से अधिक कीमत न ली जाए और न ही किसी प्रकार का अवैध भंडारण किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि अधिक दर वसूली या अवैध भंडारण की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में एजेंसी संचालकों ने जानकारी दी कि होली पर्व के कारण कुछ समय के लिए गैस आपूर्ति प्रभावित हुई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य है और वर्तमान में जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू रूप से हो रही है। उन्होंने बताया कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है।

साथ ही बुकिंग प्रक्रिया में हुए संशोधन की जानकारी देते हुए बताया गया कि अब दूसरी बुकिंग गैस डिलीवरी के 25 दिनों बाद ही की जा सकेगी और इसके लिए उपभोक्ता को DAC बताना अनिवार्य होगा।

उपभोक्ता गैस बुकिंग के लिए आईवीआरएस, व्हाट्सऐप, कॉल और मैसेज जैसी सुविधाओं का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सभी गैस एजेंसियों को अपने कार्यालय में गैस बुकिंग प्रक्रिया और टोल-फ्री नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment