रायपुर: शासकीय महाविद्यालयों में 700 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, 625 सहायक प्राध्यापक सहित कई पदों पर नियुक्ति

रायपुर, 14 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने विभिन्न शैक्षणिक और सहायक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर विभाग द्वारा कुल 700 पदों पर नियुक्ति की तैयारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार भर्ती में सहायक प्राध्यापक के 625 पद, ग्रंथपाल के 50 पद और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पद शामिल हैं। इन सभी पदों के लिए आरक्षण रोस्टर तथा विषयवार रिक्तियों का निर्धारण करते हुए विस्तृत रोस्टर ब्रेक-अप भी तैयार कर लिया गया है।



उच्च शिक्षा विभाग ने भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए 24 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को विस्तृत प्रस्ताव भेज दिया है। आयोग द्वारा प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा और योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।

विषयवार पदों की बात करें तो सहायक प्राध्यापक के लिए हिंदी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, भौतिक शास्त्र, गणित, रसायन शास्त्र, वनस्पति शास्त्र और प्राणी शास्त्र के 50-50 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा अर्थशास्त्र, इतिहास और भूगोल के 25-25 पद, कंप्यूटर एप्लीकेशन के 15 पद, वाणिज्य के 75 पद और विधि के 10 पद पर भर्ती की जाएगी। वहीं क्रीड़ा अधिकारी के 25 और ग्रंथपाल के 50 पद भी भरे जाएंगे।

विभाग ने इन पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, भर्ती नियम, श्रेणीवार पदों की संख्या, परीक्षा पाठ्यक्रम और विज्ञापन प्रारूप भी आयोग को भेज दिया है। इन नियुक्तियों के बाद राज्य के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि स्थायी भर्ती प्रक्रिया पूरी होने तक महाविद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग द्वारा स्वीकृत पदों के विरुद्ध अतिथि प्राध्यापकों की नियुक्ति की व्यवस्था की गई है। इनमें अधिकांश शिक्षक पीएचडी, नेट और सेट जैसी पात्रता रखने वाले हैं, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।


Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment