रायगढ़ में कबाड़ माफिया पर पुलिस का बड़ा प्रहार! 6 ट्रक पकड़कर 83 लाख से ज्यादा का माल जब्त

रायगढ़ | 15 मार्च , रायगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और अवैध कबाड़ के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुसौर और पूंजीपथरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 6 वाहनों से करीब 130 टन स्क्रैप और आयरन पेललेट्स जब्त किए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 83 लाख 52 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को अवैध कबाड़ परिवहन की मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पुसौर-सरिया मार्ग स्थित आर्यन फ्यूल के सामने चेकिंग के दौरान दो टाटा 1512 वाहनों को रोका। जांच में दोनों वाहनों से करीब 19 टन लोहे का स्क्रैप पाया गया। वाहन चालकों के पास वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने दोनों वाहनों सहित स्क्रैप को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।

इसी क्रम में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तमनार चौक और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर उड़ीसा की ओर से रायगढ़ आ रहे चार भारी वाहनों को रोका। जांच के दौरान तीन 12 चक्का ट्रकों में आयरन पेललेट्स और एक ट्रक में लगभग 25 टन स्क्रैप लोहे की छड़ व मशीनरी पार्ट्स लोड पाए गए। चालकों से परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर धारा 35(क), (ड) बीएनएसएस / 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की।

पुलिस की कार्रवाई में 3 ट्रकों से 86 टन आयरन पेललेट्स (लगभग 6.20 लाख रुपये) तथा 1 ट्रक और 2 टाटा वाहनों से 44 टन स्क्रैप (लगभग 17.32 लाख रुपये) जब्त किया गया। इसके अलावा कबाड़ परिवहन में इस्तेमाल 6 वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। इस तरह दोनों थानों की कार्रवाई में कुल 83 लाख 52 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ और चोरी के माल के कारोबार पर पुलिस की कड़ी नजर है। बिना वैध दस्तावेज के स्क्रैप या धातु सामग्री का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment