मजदूरी से उद्यमिता तक का सफर — जशपुर की लालमती शटरिंग प्लेट व्यवसाय से बन रहीं आत्मनिर्भर

जशपुर, 15 मार्च 2026। जशपुर जिले के गम्हरिया ग्राम की श्रीमती लालमती आज ग्रामीण क्षेत्र की उन प्रेरणादायी महिलाओं में शामिल हैं, जिन्होंने अपने मजबूत इरादों और शासन की योजनाओं के लाभ से अपने जीवन की दिशा बदल दी है। पहले मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाली लालमती आज सफल उद्यमी के रूप में गांव में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं।

श्रीमती लालमती वर्ष 2020 में प्रजापति गौरी स्व-सहायता समूह से जुड़ीं। वह बताती हैं कि उन्हें जब बिहान योजना के बारे में जानकारी मिली कि इसके माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ मिलता है, तब उन्होंने समूह से जुड़ने का निर्णय लिया। इसके बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आने लगे।

लालमती ने सबसे पहले उद्योग विभाग से ऋण लेकर छत ढलाई में उपयोग होने वाले शटरिंग प्लेट का व्यवसाय शुरू किया। इसके बाद जनवरी 2025 में उन्हें प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत ऋण प्राप्त हुआ, जिसमें साधन संस्था द्वारा तकनीकी सहयोग भी प्रदान किया गया। आज उनके पास 200 से अधिक शटरिंग प्लेट हैं और इस व्यवसाय से उन्हें अच्छा लाभ हो रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत वर्तमान में बन रहे आवासों में छत ढलाई के लिए उनके शटरिंग प्लेट की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे उनकी आय में भी वृद्धि हुई है।

श्रीमती लालमती ने कहा कि शासन की योजनाओं के सहयोग से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment