जशपुर, 15 मार्च 2026। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना अंतर्गत श्रमिकों के पंजीयन हेतु जिले के सभी विकासखंडों के ग्राम पंचायतों में 6 मार्च से 27 मार्च 2026 तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना के तहत पंजीयन के साथ-साथ श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित अन्य योजनाओं के पंजीयन एवं नवीनीकरण का कार्य भी किया जाएगा। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने बताया कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना सामाजिक सुरक्षा का एक मजबूत आधार है। उन्होंने अधिक से अधिक श्रमिकों से शिविरों में पहुंचकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।
जिले के सभी 8 विकासखंडों में शिविरों का आयोजन
जशपुर विकासखंड अंतर्गत 18 मार्च को पीडी, 19 मार्च को आरा, 20 मार्च को बोकी और 23 मार्च को रातामाटी में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार मनोरा विकासखंड में 18 मार्च को खरसोता, 19 मार्च को जरिया, 20 मार्च को आस्ता और 27 मार्च को ईराइ में शिविर लगाए जाएंगे।
बगीचा विकासखंड में 18 मार्च को पंडरीपानी, 19 मार्च को साहीडांड, 20 मार्च को नन्हेसर और 23 मार्च को कुरकुरिया में शिविर आयोजित होंगे। दुलदुला विकासखंड में 18 मार्च को सिमडा, 19 मार्च को सपघरा, 20 मार्च को गोडअम्बा और 23 मार्च को जमटोली में शिविर लगाए जाएंगे।
कुनकुरी विकासखंड में 18 मार्च को नारायणपुर, 19 मार्च को जोकबहला, 20 मार्च को लोधमा और 27 मार्च को चटकपुर में शिविर आयोजित किए जाएंगे। फरसाबहार विकासखंड में 18 मार्च को महुवाडीह, 19 मार्च को पंडरीपानी, 20 मार्च को बारो और 27 मार्च को बांसाझाल में शिविर लगाए जाएंगे।
कांसाबेल विकासखंड में 16 मार्च को बांसबहार, 19 मार्च को खारपानी और 20 मार्च को चेटबा में शिविर आयोजित होंगे। वहीं पत्थलगांव विकासखंड में 18 मार्च को चंदागड, 19 मार्च को बुलडेगा, 20 मार्च को तिलडेगा और 27 मार्च को फरसाटोली में पंजीयन शिविर लगाए जाएंगे।




















