जशपुरनगर, 15 मार्च 2026। जशपुर जिले के ग्राम पंचायत चम्पा के वार्ड क्रमांक 16 की वार्ड पंच जासिंता पैकरा (पति कलिंद पैकरा) की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब क्षेत्र में अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान गिरी बिजली की चपेट में आने से महिला पंच की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। वार्ड पंच के आकस्मिक निधन से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं पूरे गांव में भी मातम का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार जासिंता पैकरा अपने वार्ड की सक्रिय और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थीं तथा सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेती थीं।
घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। पंच के असामयिक निधन पर ग्रामवासियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।




















