जशपुरनगर, 17 मार्च 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनकोर्ड) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, सहायक कलेक्टर श्री अनिकेत अशोक, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश पाटनवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले में कोटपा एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत की गई कार्यवाहियों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री व्यास ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी और गुप्त रूप से हो रही खेती व उत्पादन पर तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की सूचना देने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने हेतु पुरस्कृत किया जाएगा।
इसके साथ ही कलेक्टर ने सभी पीडीएस दुकानों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके और किसी भी अनियमितता की स्थिति में ठोस साक्ष्य उपलब्ध रहें।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा जिले के सभी ढाबों एवं होटलों का नियमित निरीक्षण करने तथा मादक पदार्थों की बिक्री मिलने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।




















