रायपुर, 18 मार्च 2026। घरेलू एलपीजी की उपलब्धता और उपभोक्ताओं तक उसकी नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्य शासन द्वारा लगातार निगरानी और समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा दुरुपयोग के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है, जिसके तहत अब तक 214 छापों में 1013 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।
खाद्य सचिव श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने 17 मार्च 2026 को खाद्य संचालक एवं सार्वजनिक क्षेत्र की तीनों ऑयल कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक लेकर एलपीजी की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था को और अधिक सरल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने व्हॉट्सएप नंबर, मोबाइल नंबर, आईवीआरएस और वेबसाइट के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। साथ ही इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन द्वारा जारी नए बुकिंग नंबर (मोबाइल 8927225667 एवं आईवीआरएस 8391990070) को आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि रायपुर जिले में सर्वाधिक 392 तथा बिलासपुर जिले में 201 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई सुनिश्चित करती है कि घरेलू गैस का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्यों के लिए ही हो और उपभोक्ताओं को इसका पूरा लाभ मिल सके।
खाद्य सचिव ने लंबित एलपीजी बुकिंग को शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिलों में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाई गई है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में कमर्शियल एलपीजी वितरण के लिए संतुलित व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, सैन्य एवं अर्द्धसैनिक बल, जेल, हॉस्टल, रेलवे स्टेशन एवं एयरपोर्ट की कैंटीन को प्राथमिकता के आधार पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, सरकारी कार्यालयों और अन्य संस्थानों को निर्धारित सीमा के तहत गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
एलपीजी बुकिंग एवं आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए खाद्य विभाग का कॉल सेंटर (1800-233-3663 एवं 1967) सक्रिय है, जहां शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है।




















