जशपुरनगर, 18 मार्च 2026। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के 285 ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किए जाने हेतु 25 मार्च 2026 तक दावा-आपत्ति आमंत्रित किया गया है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार संचालनालय, महिला एवं बाल विकास के निर्देशानुसार ऐसी ग्राम पंचायतें, जहां विगत 02 वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में बाल विवाह का कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है, उन्हें बाल विवाह मुक्त घोषित किया जाना है।
इसी क्रम में जशपुर जिले के 444 ग्राम पंचायतों में से 285 ग्राम पंचायतों की ग्राम सभाओं में पिछले दो वर्षों में बाल विवाह नहीं होने के संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया है। प्रस्तावों के आधार पर इन ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त घोषित कर प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।
इस संबंध में यदि किसी व्यक्ति या संस्था को कोई आपत्ति हो अथवा किसी बाल विवाह का प्रकरण संज्ञान में हो, तो 25 मार्च 2026 तक जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग जशपुर में कार्यालयीन समय सुबह 10:00 बजे से शाम 05:30 बजे तक लिखित रूप में आवश्यक दस्तावेजों सहित दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है।
बाल विवाह मुक्त घोषित किए जाने हेतु प्रस्तावित ग्राम पंचायतों में जशपुर विकासखण्ड से 26, मनोरा से 37, दुलदुला से 24, कुनकुरी से 35, फरसाबहार से 54, बगीचा से 60, पत्थलगांव से 44 एवं कांसाबेल से 05 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इन ग्राम पंचायतों की सूची जिले की वेबसाइट एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के सूचना पटल पर अवलोकन हेतु उपलब्ध है।




















