रायपुर, 18 मार्च 2026/ मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल दो दिवसीय प्रवास पर आज शाम रायपुर पहुंचे। अपने प्रवास के दौरान वे कई धार्मिक, सामाजिक और शिष्टाचार भेंट कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
रायपुर पहुंचने के बाद उपमुख्यमंत्री ने वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे क्वींस क्लब में विंध्य समाज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में शामिल हुए, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया।
इस अवसर पर श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा से रायपुर के लिए शुरू हुई हवाई सेवा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए सड़क और रेल सेवाओं के साथ हवाई कनेक्टिविटी का बेहतर होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि रीवा से दिल्ली और इंदौर के लिए पहले ही हवाई सेवाएं शुरू हो चुकी हैं, जिससे व्यापार और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। साथ ही उन्होंने रीवा से दुर्ग तक ट्रेन सेवा जल्द शुरू करने के लिए सकारात्मक प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में विंध्याचल कल्याण सर्व समाज द्वारा उनका अभिनंदन किया गया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच संबंध बेहद मजबूत हैं और यह हवाई सेवा दोनों राज्यों के बीच दूरी ही नहीं बल्कि दिलों को भी जोड़ने का काम करेगी। विधायक किरण सिंहदेव ने भी इसे आवागमन को आसान बनाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 मार्च को श्री शुक्ल सुबह 11:15 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके निवास (स्पीकर हाउस) में सौजन्य भेंट करेंगे। इसके पहले वे नालंदा परिसर का निरीक्षण करेंगे तथा दोपहर 12:05 बजे पहुना गेस्ट हाउस में विंध्य क्षेत्र के नागरिकों से मुलाकात कर क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, रीवा के पूर्व विधायक के.पी. त्रिपाठी, समाज के संरक्षक शंकर सिंह गहरवार, अध्यक्ष कल्याण प्रसाद पांडेय, डॉ. व्यास मुनि द्विवेदी, मधुकर द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




















