जशपुरनगर, 19 मार्च 2026। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए विभाग द्वारा मौके पर जांच कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इसी कड़ी में तहसील फरसाबहार के ग्राम पमशाला में अवैध रूप से ईंट निर्माण और उसके कारोबार की सूचना मिलने पर खनिज विभाग की टीम ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में ईंटें जब्त कीं।
सहायक खनिज अधिकारी के अनुसार जांच के दौरान प्रीतमलाल प्रजापति, निवासी ग्राम बिहरा, जिला सतना (वर्तमान निवास पमशाला, तहसील फरसाबहार) के पास से 2 लाख 10 हजार नग ईंटें जब्त की गईं।
इस मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।




















