जशपुर, 19 मार्च 2026। ग्राम पंचायत कुरकुंगा में जिला प्रशासन, यूनिसेफ, एग्रिकोन एवं संगवारी व सर्वहितम संस्था के संयुक्त तत्वावधान में एक व्यापक कम्युनिटी जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कुरकुंगा, कालीबा एवं जोगबहला के ग्रामीणों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सामाजिक, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना तथा उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना रहा। इस अवसर पर विषय विशेषज्ञों ने विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान सिकल सेल जैसी गंभीर आनुवंशिक बीमारी के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने इसके लक्षण, समय पर जांच की आवश्यकता, नियमित दवा सेवन और बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया। साथ ही यह भी बताया गया कि समय रहते जांच और उपचार से इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है।
इसके अलावा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। ग्रामीणों को इसके कानूनी प्रावधानों, स्वास्थ्य एवं सामाजिक प्रभावों तथा इसे रोकने में समाज की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
साइबर सुरक्षा विषय पर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए मोबाइल और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचाव, व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा एवं सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग के बारे में समझाया गया।
कार्यक्रम में “रूप नहीं गुण देखो” विषय के माध्यम से सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। वहीं “आज क्या सीखा” गतिविधि के जरिए बच्चों और युवाओं को प्रतिदिन कुछ नया सीखने के लिए प्रेरित किया गया। “पढ़ाई का कोना” पहल के अंतर्गत अभिभावकों को घर में अध्ययन के अनुकूल वातावरण बनाने और बच्चों में नियमित पढ़ाई की आदत विकसित करने की जानकारी दी गई।
महिलाओं की सुरक्षा पर भी विशेष चर्चा करते हुए उनके अधिकार, आत्म-सुरक्षा के उपाय एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर एग्रिकोन यूनिसेफ से जिला समन्वयक सुश्री शालिनी गुप्ता, कुनकुरी विकासखंड समन्वयक पंकज यादव, जशपुर विकासखंड समन्वयक गुरुदेव प्रसाद, पत्थलगांव विकासखंड समन्वयक दीपक कुमार तथा संगवारी संस्था से जिला समन्वयक ज्योतिराज, एडिशनल जिला समन्वयक विक्रम एवं रीतू जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कुरकुंगा की सरपंच श्रीमती कृपा लकड़ा, उपसरपंच श्री जिब्राइल उद्दीन, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम प्रभावी एवं सफल रहा।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उनके प्रश्नों का समाधान किया गया तथा उन्हें जागरूकता से जुड़े संदेशों को अपने परिवार और समाज में फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही जिला समन्वयक द्वारा तीनों विकासखंड समन्वयकों की बैठक भी आयोजित की गई।




















