रायगढ़ जिले में मछुआरा समाज को नई ताकत, सुरेश ढीमर बने प्रदेश अध्यक्ष, खरसिया-लैलूंगा में नियुक्तियां

रायगढ़, 19 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मछुआरा समाज के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। राष्ट्रीय मछुआरा संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश ने संगठन का विस्तार करते हुए जिले के तीन प्रमुख युवाओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती गायत्री गायग्वाल ने समाज के प्रति निष्ठा और सक्रियता को देखते हुए सुरेश ढीमर (मोनू जलतारे) को युवा प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है। इसके साथ ही खरसिया विधानसभा क्षेत्र के लिए कैलाश निषाद और लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के लिए गिरधारी लाल निषाद को विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इन नियुक्तियों की खबर मिलते ही रायगढ़ जिले के मछुआरा समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। समाज के नेताओं, युवाओं और आमजन ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संघ के निर्णय का स्वागत किया है।

यह नियुक्तियां केवल संगठनात्मक विस्तार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मछुआरा समाज (केंवट, धीवर, कहार, भोई, मल्लाह, ढीमर, कहरा) की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं। संख्या बल के लिहाज से मजबूत होने के बावजूद समाज लंबे समय से राजनीतिक प्रतिनिधित्व में पिछड़ा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती गायत्री गायग्वाल ने समाज की इस स्थिति को देखते हुए प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने का अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य गांव से शहर तक समाज को संगठित कर एक मजबूत पहचान दिलाना है।

राष्ट्रीय मछुआरा संघ ने आगामी 2028 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अभी से तैयारी शुरू कर दी है। संगठन का लक्ष्य मछुआरा समाज की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करना और उसे एक सशक्त शक्ति के रूप में स्थापित करना है।

सुरेश ढीमर को प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी मिलने से रायगढ़ जिले का महत्व संगठन में बढ़ा है, वहीं खरसिया और लैलूंगा में विधानसभा अध्यक्षों की नियुक्ति से जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संघ नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज के हित में पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। वहीं रायगढ़ जिले में मछुआरा समाज के बीच बधाइयों का दौर लगातार जारी है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment