जशपुरनगर 19 मार्च 2026/ खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के आदेशानुसार एवं कलेक्टर श्री रोहित व्यास के मार्गदर्शन में जिला खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिलें में स्थित खाद्य कारोबारकर्ताओ के खाद्य अनुज्ञप्ति व पंजीयन हेतु शिविर विगत दिवस 18 मार्च 2026 को सनातन धर्मशाला कांसाबेल में शिविर का आयोजित किया।
शिविर में खाद्य अनुज्ञप्ति व पजीयन से संबंधित कार्य हेतु आवश्यक मार्गदर्शन व सहयोग दिया गया। शिविर में खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य पंजीयन व लाईसेन्स को ऑनलाईन करने एवं इससे संबंधित अन्य सहयोग के लिये भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा अधिकृत किये गये फूड सेफ्टी मित्रकी सेवायें भी उपलब्ध कराया जा रही हैं। जिसके अनुसार फूड सेफ्टी मित्र द्वारा निर्धारित किये गये सेवा शुल्क लेकर खाद्य कारोबारकर्ताओं को मौके पर आवश्यक सुविधा जैसे फार्म ऑनलाईन करना, प्रिंट आउट देना, स्कैन आदि की सुविधा दी गई, जिससे खाद्यकारोबारकर्ता एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के बीच बेहतर फूड-ईको सिस्टम का निर्माण हो सके।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा इन्ही सभी जानकारियों को देने, इस व्यवस्था को और भी अधिक सरलीकृत करने, व्यापाक जन-जागरुकता करने, अधिक से अधिक संख्या में खाद्य व्यापारियों को खाद्य पंजीयन व खाद्य लाईसेंस प्रदान करने के लिये इस प्रकार के शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। विभाग द्वारा आगामी दिनों में जिला स्तर पर एवं प्रत्येक ब्लाक स्तर पर ऐसी ही कार्यशाला और शिविर आयोजित किये जाने की योजना हैं।
ब्लाक कांसाबेल में आयोजित शिविर में विभाग द्वारा यह सुविधा प्रदान की गई कि, सभी आवश्यक दस्तावेज का फार्मेट एवं आवेदन फार्म व्यापारियों को निःशुल्क उपलब्ध कराया गया, जिसको मौके पर ही उनके द्वारा आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा लेते हुये निर्धारित शुल्क अदा कर आवेदनों को ऑनलाईन किया गया। शिविर में लगभग 93 आवदेन प्राप्त हुये, जिनमें से कुछ आवेदनों को मौके पर निराकृत करते हुये और 08 खाद्य लाईसेंस व पंजीयन मौके पर ही जारी करते हुये उसकी कॉपी संबंधित
खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रदान कर दिये गये। बाकि आवेदनों को आगामी तीन से चार कार्यदिवसों में ऑनलाईन करते हुये नियमानुसार जारी कर दिया जायेगा तथा जारी किये गये खाद्य पंजीयन व लाईसेंस की कॉपी संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं को उपलब्ध करा दी जावेगी।
आयोजित शिविर को सफल और सार्थक बनाये जाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग एवं मार्गदर्शन खाद्य सुरक्षा विभाग को मिला। आयोजित शिविर में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से श्री. सागर दत्ता, अभिहित अधिकारी एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुश्री राखी ठाकुर मौजूद रहे।
जिलें में लोक स्वास्थ्य के लिये गुणवत्ता पूर्ण, मानक एवं स्वच्छता से विनिर्मित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता के लिये खाद्य सुरक्षा विभाग प्रतिबद्ध हैं एवं इस तारतम्य में खाद्य व्यापार से जुड़े हुये प्रत्येक कड़ी को सही एवं सुनियोजित करने के लिये इस प्रकार के कार्यक्रम एवं जागरुकता अभियान व क्रियाकलाप सतत् जारी रहेंगें।




















