रायगढ़, 21 मार्च 2026। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में नदी किनारे करीब एक एकड़ भूमि पर अवैध अफीम की खेती का खुलासा करते हुए पुलिस ने झारखंड निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में 19 मार्च 2026 की रात तमनार पुलिस को सूचना मिली थी कि आमाघाट में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान संदेही मार्शल सांगो (40 वर्ष), निवासी जिला खूंटी (झारखंड) को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने ससुराल ग्राम आमाघाट में रहकर झारखंड के साथियों के साथ मिलकर पिछले कुछ महीनों से नदी किनारे अफीम की खेती कर रहा था। पुलिस टीम ने रातभर मौके पर कैम्प कर खेत की निगरानी की।
अगले दिन स्वयं एसएसपी शशि मोहन सिंह घटनास्थल पहुंचे और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी सहित राजस्व, आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।
राजस्व विभाग की जांच में सामने आया कि अफीम की खेती पांच अलग-अलग खसरा नंबरों की भूमि पर की जा रही थी, जिसमें निजी एवं परियोजना भूमि शामिल है। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए अफीम फसल की कटाई कराई जा रही है, जिसका वजन और मूल्यांकन किया जाएगा।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ थाना तमनार में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
एसएसपी के सख्त संदेश:
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध संग्रहण, तस्करी और खेती पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




















