जशपुर, 22 मार्च 2026। जशपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने और शादी का झांसा देकर अनाचार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने नाबालिग बालिका को उड़ीसा राज्य से सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
मामला कोल्हेनझरिया चौकी क्षेत्र का है, जहां 25 फरवरी 2026 को एक ग्रामीण ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री, जो कक्षा 10वीं की छात्रा है, 24 फरवरी की सुबह परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। शिक्षक द्वारा जानकारी देने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर भगा लिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल गुम इंसान कायम कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पता लगाया कि नाबालिग बालिका उड़ीसा राज्य के एक गांव में आरोपी इष्टा राणा (22 वर्ष) के साथ है।
इस पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उड़ीसा पहुंचकर बालिका को आरोपी के कब्जे से बरामद किया और आरोपी को हिरासत में लेकर जशपुर लाया गया। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि आरोपी से उसकी फोन पर दोस्ती हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने उसे प्रेम और शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया और उसके साथ जबरन अनाचार किया।
पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के विरुद्ध BNS की धारा 64(2)(M), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत प्रकरण में धाराएं जोड़ी गईं। आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने एवं पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में कोल्हेनझरिया चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक विपिन किशोर केरकेट्टा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















