जशपुर, 24 मार्च 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन एवं टीएल के लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने बिजली विभाग के अधिकारियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने घर-घर स्मार्ट मीटर लगाने के लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को iGOT पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीयन कराने और कम से कम तीन ऑनलाइन कोर्स पूर्ण कर प्रमाण पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी के लिए यह प्रक्रिया अनिवार्य होगी।
ई-ऑफिस की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और तेजी लाने के लिए फाइलों का आदान-प्रदान केवल ई-ऑफिस के माध्यम से ही सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सहायक कलेक्टर श्री अनिकेत अशोक, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने विद्युत विभाग को हितग्राहियों के घरों की छत पर सौर ऊर्जा पैनल स्थापित कर हर माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इस योजना के तहत हितग्राहियों को सब्सिडी एवं कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा भी प्रदान की जा रही है।
समीक्षा के दौरान जल संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने शासकीय एवं निजी भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां जल निकासी की सुविधा उपलब्ध है, वहां सोखता गड्ढा बनाकर वर्षा जल संचयन को बढ़ावा दिया जा सकता है, जिससे जल संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर परिणाम मिलेंगे।




















