जशपुरनगर, कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्टरेट सभाकक्ष में मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड, गृह निर्माण मंडल एवं सेतु विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पूर्ण, अपूर्ण, अप्रारंभ एवं प्रगतिरत कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने सभी निर्माण कार्यों की स्थिति को अनिवार्य रूप से गूगल शीट में दर्ज करने के निर्देश दिए, ताकि नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने प्रत्येक निर्माण स्थल पर जानकारी पटल लगाने के निर्देश दिए, जिससे आम नागरिकों को कार्यों की स्पष्ट जानकारी प्राप्त हो सके।
साथ ही सेतु विभाग को निर्माण के दौरान आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक संकेतक बोर्ड एवं रेडियम लगाने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण करने के लिए भी कहा, ताकि कार्यों की गुणवत्ता और गति दोनों बनी रहे।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी स्वीकृत अधोसंरचना निर्माण कार्यों को समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए पूर्ण किया जाए, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




















